Ranchi : राष्ट्रीय सुरक्षा पार्टी की नई राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में मोनिका गौतम की नियुक्ति पर झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह रांची लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी निपु सिंह ने शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इसे पार्टी के लिए एक “सशक्त, दूरदर्शी और युवा नेतृत्व” की ओर बढ़ता कदम बताया।

इस अवसर पर श्री सिंह ने कहा कि आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामानुज सिंह ने अपने पद से त्यागपत्र देकर यह जिम्मेदारी मोनिका गौतम को सौंपी है। मोनिका को एक मेहनती, शिक्षित और सक्रिय नेता बताते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।

सिंह ने आगे कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में सैकड़ों सीटों पर प्रत्याशी उतार रही है, जिनमें तीन प्रमुख सीटों पर बड़े दलों को सीधी टक्कर दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि इन सीटों पर बेहद रोचक और करीबी मुकाबले होंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस बार पार्टी राज्य की राजनीति में अपनी अलग छवि बनाएगी और जनता के बीच नई पहचान स्थापित करेगी।

बधाई देने वालों में निपु सिंह के साथ प्रेम कुमार, संदीप कुमार, मिथिलेश पांडे, रवि रंजन कुमार, आरिफ अंसारी, मोहन महतो और मंजय दुबे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।












