मोदी सरकार के 12 वर्ष जनविश्वास, सुशासन और विकास की ऐतिहासिक यात्रा : आदित्य साहू

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में सोनारी स्थित चित्रगुप्त भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि वर्ष 2014 से 2026 तक का कालखंड जनविश्वास, सुशासन, विकास और जनकल्याण की ऐतिहासिक यात्रा का साक्षी रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार तीन लोकसभा चुनावों में जनता द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जताया गया भरोसा इस बात का प्रमाण है कि देश परिणाम आधारित और पारदर्शी शासन को प्राथमिकता दे रहा है।

प्रेस वार्ता में सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष आभा महतो, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, जिला प्रभारी बबन गुप्ता, पूर्व विधायक मेनका सरदार, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा एवं मीडिया प्रभारी प्रेम झा उपस्थित थे।

जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं

आदित्य साहू ने कहा कि केंद्र सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने में उल्लेखनीय सफलता मिली है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल, स्वच्छ भारत मिशन और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं ने गरीब एवं वंचित वर्गों के जीवन में व्यापक परिवर्तन लाया है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लखपति दीदी और सुकन्या समृद्धि योजना को महत्वपूर्ण पहल बताया।

किसानों, युवाओं और मध्यम वर्ग को मिली राहत

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड और कृषि ऋण सीमा में वृद्धि जैसे कदमों से किसानों को बड़ी राहत मिली है। वहीं आयकर छूट सीमा में बढ़ोतरी से मध्यम वर्ग को लाभ पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में भी लगातार कार्य कर रही है।

आधारभूत संरचना में हुआ अभूतपूर्व विस्तार

आदित्य साहू ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देशभर में सड़क, रेल, हवाई और मेट्रो कनेक्टिविटी का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क तेजी से बढ़ा है, रेलवे का विद्युतीकरण लगभग पूर्ण हो चुका है और वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार देश के परिवहन क्षेत्र में नई क्रांति लेकर आया है। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे क्षेत्रीय संपर्क मजबूत हुआ है।

वैश्विक स्तर पर बढ़ी भारत की प्रतिष्ठा

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अंतरराष्ट्रीय साख मजबूत हुई है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान, बढ़ते विदेशी निवेश और विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते भारत की वैश्विक नेतृत्व क्षमता को दर्शाते हैं।

झारखंड को मिला अभूतपूर्व सहयोग

आदित्य साहू ने कहा कि केंद्र सरकार ने झारखंड को वित्तीय सहायता, सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा और जनजातीय कल्याण के क्षेत्र में अभूतपूर्व सहयोग प्रदान किया है। उन्होंने बताया कि राज्य को कर हस्तांतरण और अनुदान की राशि में कई गुना वृद्धि हुई है। साथ ही रेलवे, राष्ट्रीय राजमार्ग, मेडिकल कॉलेज, एम्स देवघर, जनजातीय विकास योजनाओं और औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से राज्य के विकास को नई गति मिली है।

उन्होंने कहा कि झारखंड में रेलवे का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण, वंदे भारत ट्रेनों का परिचालन, राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का विस्तार और देवघर हवाई अड्डे का संचालन राज्य की प्रगति के महत्वपूर्ण उदाहरण हैं। वहीं जनजातीय समाज के उत्थान के लिए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और पीएम-जनमन योजना जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

विकसित भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर देश

प्रेस वार्ता के अंत में आदित्य साहू ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल आंकड़ों का विषय नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में उठाए गए निर्णायक कदमों की यात्रा हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आने वाले वर्षों में विश्व की अग्रणी शक्तियों में शामिल होकर विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.