Potka : पोटका प्रखंड में मलेरिया के बढ़ते संक्रमण को लेकर विधायक संजीव सरदार ने गुरुवार को रांची में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी से मुलाकात कर प्रभावित क्षेत्रों की गंभीर स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने मलेरिया पर प्रभावी नियंत्रण के लिए राज्य सरकार से अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने तथा विशेष अभियान चलाने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान विधायक ने प्रभावित गांवों में अतिरिक्त स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिनियुक्ति, व्यापक मलेरिया जांच अभियान, पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता, डीडीटी का छिड़काव, मच्छरदानियों का वितरण और जनजागरूकता अभियान को और तेज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि समय रहते व्यापक निगरानी और त्वरित कार्रवाई से संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ा जा सकता है।
विधायक की मांग पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने तत्काल पूर्वी सिंहभूम के सिविल सर्जन से फोन पर बातचीत कर मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अतिरिक्त स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती, मलेरिया जांच के लिए आरडीटी (RDT) किट की संख्या बढ़ाने, स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा युद्धस्तर पर जांच एवं उपचार अभियान चलाने तथा आवश्यक दवाओं और अन्य संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि पोटका के लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में मलेरिया की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और राज्य सरकार के सहयोग से हर आवश्यक कदम उठाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों से जल्द ही मलेरिया संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर लिया जाएगा।








