हिमांशु हत्याकांड के विरोध में भाजपा का शहरभर में मशाल जुलूस, 3 जुलाई के जमशेदपुर बंद को सफल बनाने की अपील

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : बिष्टुपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड, शहर में बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को जमशेदपुर महानगर के सभी मंडल क्षेत्रों में मशाल जुलूस निकालकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया। विभिन्न मंडल अध्यक्षों के नेतृत्व में निकाले गए जुलूस में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ स्थानीय नागरिक भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हिमांशु हत्याकांड के सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की मांग उठाई।

मशाल जुलूस के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने चापड़बाजी, चाकूबाजी, लूट, चोरी, अवैध लॉटरी, नशे के कारोबार, महिलाओं से चेन छिनतई जैसी घटनाओं को लेकर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अपराधियों के बढ़ते मनोबल और प्रशासन की निष्क्रियता के कारण शहर में भय का माहौल बन गया है।

सीतारामडेरा मंडल द्वारा एग्रिको तीन नंबर गोलचक्कर तक निकाले गए मशाल जुलूस में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू शामिल हुईं। वहीं साकची पूर्वी मंडल के काशीडीह दुर्गापूजा मैदान से निकले जुलूस में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह और जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने भाग लिया। बागबेड़ा एवं घाघीडीह मंडल के जुलूस में पोटका विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा शामिल हुईं। इसके अलावा महानगर के अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने भी अपने-अपने मंडलों में आयोजित मशाल जुलूस में भागीदारी की।

मशाल जुलूस शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और मुख्य मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने व्यापारियों, दुकानदारों, परिवहन संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों से संवाद कर शुक्रवार, 3 जुलाई को प्रस्तावित जमशेदपुर बंद को सफल बनाने की अपील की।

भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि जमशेदपुर की अस्मिता, नागरिकों की सुरक्षा और भयमुक्त वातावरण की स्थापना के लिए जनआंदोलन है। उन्होंने शहरवासियों से एकजुट होकर बंद को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे सरकार और प्रशासन तक जनता की चिंता और आक्रोश का स्पष्ट संदेश पहुंचेगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें