लक्ष्मीनगर स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली पर भड़कीं विधायक पूर्णिमा साहू, औचक निरीक्षण में खुली स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur: जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने बुधवार को बर्मामाइंस मंडल अंतर्गत स्थित लक्ष्मीनगर स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर वहां की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई। क्षेत्रवासियों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद किए गए निरीक्षण में स्वास्थ्य केंद्र की जमीनी हकीकत सामने आई, जिससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, चिकित्सा संसाधनों और मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान केंद्र में कई खामियां और अव्यवस्थाएं उजागर हुईं। भीषण गर्मी के बावजूद मरीजों और उनके परिजनों के लिए पर्याप्त पंखों की व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा आवश्यक दवाइयों की कमी, बेडशीट का अभाव तथा कई चिकित्सा उपकरण खराब अवस्था में पाए गए।

स्वास्थ्य केंद्र की दयनीय स्थिति पर नाराजगी जताते हुए विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में आम जनता को गुणवत्तापूर्ण एवं सुविधायुक्त स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में इस तरह की लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने जिले के सिविल सर्जन तथा जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार से दूरभाष पर बातचीत कर स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने केंद्र में मूलभूत सुविधाओं की तत्काल बहाली, खराब उपकरणों की मरम्मत और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

विधायक ने उप नगर आयुक्त से स्वास्थ्य केंद्र के लिए पिछले एक वर्ष में आवंटित राशि और उसके उपयोग का ब्यौरा उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को पिछले चार माह से लंबित वेतन का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित किया जाए।

पूर्णिमा साहू ने कहा कि लक्ष्मीनगर स्वास्थ्य केंद्र को लेकर उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद उन्होंने स्वयं मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र की वर्तमान स्थिति बेहद चिंताजनक है और यह स्वास्थ्य व्यवस्था में व्याप्त लापरवाही को उजागर करती है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो वह इस मामले को राज्य सरकार और संबंधित उच्चाधिकारियों के समक्ष उठाएंगी। विधायक ने स्पष्ट कहा कि मरीजों की उपेक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी स्वास्थ्य केंद्र में व्याप्त समस्याओं से विधायक को अवगत कराया और शीघ्र सुधार की मांग की। विधायक ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Comment

The specified slider does not exist.

और पढ़ें