रोजो संक्रांति पर गितीलता के ऐतिहासिक मेले में पहुंचे विधायक दशरथ गागराई

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Kharsawan : रोजो संक्रांति के पावन अवसर पर खरसावां प्रखंड के जोरडीहा पंचायत अंतर्गत गितीलता गांव में आयोजित ऐतिहासिक मासंत मेले में खरसावां विधायक दशरथ गागराई अपने परिवार के साथ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गितीलता स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

मेले में पहुंचकर विधायक ने पारंपरिक संस्कृति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का अवलोकन किया तथा स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत रंजणी फुडा नृत्य का आनंद लिया। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि गितीलता रोजो मेला क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान है, जो वर्षों से लोगों की आस्था और परंपरा का केंद्र बना हुआ है। उन्होंने कहा कि गितीलता गांव उनके मामा घर से जुड़ा होने के कारण इस मेले से उनका भावनात्मक संबंध रहा है और बचपन से ही वे यहां आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बुढाबाबा और भगवान शिव के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। हर वर्ष हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं और अपने परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना करते हैं। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

विधायक ने कहा कि रोजो संक्रांति झारखंड और ओडिशा का एक महत्वपूर्ण पारंपरिक पर्व है, जो नारी सम्मान, स्त्री शक्ति और प्रकृति के प्रति आदर का संदेश देता है। यह पर्व महिलाओं की भूमिका और उनके योगदान को सम्मान देने की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है।

मौके पर विधायक ने गितीलता शिव मंदिर के विकास के लिए मेला समिति को सहयोग प्रदान किया और भविष्य में भी मंदिर एवं गांव के विकास के लिए हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में समाजसेवी बासंती गागराई, विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप, धर्मेंद्र सिंह मुंडा, मुखिया करम सिंह मुंडा, पूर्व मुखिया मांगीलाल पुरती, राहुल गागराई, कमलेश प्रधान, दिलीप प्रधान, संजीत प्रधान सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.