कांड्रा टोल प्लाजा पर बड़ी कार्रवाई, वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर चार कोयला लदे वाहन जब्त

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Kandra : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला खनन विभाग और कांड्रा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार कोयला लदे वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई कांड्रा थाना क्षेत्र स्थित पदमपुर टोल प्लाजा में चलाए गए विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान की गई।

जानकारी के अनुसार जांच के दौरान वाहन संख्या JH05AU6616, JH05DE1017, JH05DN1016 और JH05DE6826 को रोका गया। जांच में इन वाहनों के चालक कोयला परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं होने पर जिला खनन विभाग की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चारों वाहनों को जब्त कर लिया।

जब्त वाहनों को आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया के लिए कांड्रा थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। जिला खनन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। दोषियों के खिलाफ खनन एवं अन्य संबंधित कानूनों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के मामलों को लेकर प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति लागू है। ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं अवैध खनन, भंडारण या खनिज परिवहन की जानकारी मिले तो इसकी सूचना प्रशासन को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई कर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.