इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, संबलपुर भागने निकले नाबालिग प्रेमी युगल को मनोहरपुर स्टेशन पर RPF ने रोका

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Manoharpur :  सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के बीच पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता से एक संभावित संकट टल गया। रविवार शाम घर से भागकर ओडिशा के संबलपुर जाने की तैयारी कर रहे एक नाबालिग प्रेमी युगल को आरपीएफ ने सुरक्षित संरक्षण में ले लिया।

आरपीएफ प्रभारी रविंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में स्टेशन परिसर में नियमित गश्त के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर एक किशोर और किशोरी संदिग्ध परिस्थिति में बैठे मिले। पूछताछ करने पर दोनों के नाबालिग होने की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि उनकी दोस्ती इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। बाद में मनोहरपुर के साप्ताहिक हाट में दोनों की मुलाकात हुई और साथ रहने के उद्देश्य से उन्होंने घर छोड़ने का निर्णय लिया।

मामले की जानकारी मिलते ही आरपीएफ ने दोनों के परिजनों को तत्काल सूचना दी। सोमवार को चाइल्ड लाइन एवं जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी की मौजूदगी में निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद नाबालिग लड़की को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जबकि लड़के को काउंसलिंग एवं आवश्यक आगे की कार्रवाई के लिए चाइल्ड लाइन के हवाले किया गया।

आरपीएफ प्रभारी रविंद्र कुमार पांडेय ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की मोबाइल और सोशल मीडिया गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखें तथा उनसे नियमित संवाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि समय रहते संवाद और जागरूकता से इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सकता है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें