विरोध के बीच मेयर सुधा गुप्ता की पहल बनी चर्चा का विषय, धरनास्थल पहुंचकर बढ़ाया संवाद का हाथ

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : मानगो नगर निगम के खिलाफ चल रहे धरना-प्रदर्शन के बीच सोमवार को राजनीति का एक अलग और सकारात्मक पक्ष देखने को मिला। आमतौर पर विरोध-प्रदर्शन के दौरान जनप्रतिनिधियों और आंदोलनकारियों के बीच दूरी देखने को मिलती है, लेकिन इस बार मेयर सुधा गुप्ता स्वयं धरनास्थल पहुंचीं और अपने व्यवहार से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

धरनास्थल पर पहुंचकर मेयर ने विधायक सरयू राय का अभिवादन किया तथा आंदोलन में शामिल लोगों के लिए पेयजल और लड्डू की व्यवस्था कराई। उनके इस कदम को उपस्थित लोगों ने सौहार्दपूर्ण पहल के रूप में देखा।

धरना समाप्त होने के बाद मेयर ने जनता दल (यूनाइटेड) के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत किया और उनके द्वारा सौंपा गया ज्ञापन भी स्वीकार किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शहर के जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

मेयर ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान संवाद और पारदर्शिता के माध्यम से ही संभव है तथा नगर निगम जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगा।

धरना-प्रदर्शन के बीच मेयर सुधा गुप्ता की यह पहल शहर में चर्चा का विषय बनी रही। कई लोगों ने इसे राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर संवाद और लोकतांत्रिक सौहार्द का उदाहरण बताया, वहीं जनप्रतिनिधियों के बीच इस तरह के व्यवहार की भी सराहना की गई।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.