हर हर महादेव संघ की  रजत जयंती पर सजेगा भक्ति का भव्य दरबार, श्रावण की अंतिम सोमवारी को मनोज तिवारी सुनाएंगे शिव महिमा 4 अगस्त को साकची गुरुद्वारा मैदान में होगा आयोजन, बाबा बर्फानी की झांकी और भंडारे के साथ शिवमय वातावरण में डूबेगा जमशेदपुर

Share करें

✓ Link copy हो गया!



जमशेदपुर, 18 जुलाई 2025 | संवाददाता
शिवभक्ति और सेवा की परंपरा को समर्पित हर-हर महादेव सेवा संघ इस वर्ष अपनी रजत जयंती (25वां वर्ष) मना रहा है। इस विशेष अवसर पर संघ द्वारा श्रावण मास की अंतिम सोमवारी यानी 4 अगस्त को साकची गुरुद्वारा मैदान में एक भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन में देश के सुप्रसिद्ध भजन सम्राट मनोज तिवारी अपनी मंडली के साथ शिव महिमा से ओतप्रोत प्रस्तुतियां देंगे।

25 वर्षों की भक्ति परंपरा, इस बार मनाया जाएगा ऐतिहासिक आयोजन

संघ के संस्थापक अमरप्रीत सिंह काले ने बताया कि यह आयोजन संघ के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष श्रद्धा, उत्साह और दिव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस हेतु शुक्रवार को कालीमाटी रोड स्थित संघ कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें मंच सज्जा, सुरक्षा, पार्किंग, विद्युत साज-सज्जा और दर्शक प्रबंधन से संबंधित तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मनोज तिवारी की सुमधुर वाणी में गूंजेगा ‘हर-हर महादेव’

शाम 6 बजे से शुरू होकर देर रात तक चलने वाली भजन संध्या में मनोज तिवारी अपने भक्ति गीतों से कोल्हान सहित पूरे झारखंड से आए हजारों श्रद्धालुओं को शिवभक्ति में सराबोर कर देंगे। आयोजन स्थल पर बाबा बर्फानी की दिव्य झांकी भी विशेष आकर्षण का केंद्र होगी।

अब तक इन महान कलाकारों ने भक्ति का रंग बिखेरा

इस मंच पर बीते 24 वर्षों में कैलाश खेर, मालिनी अवस्थी, अनूप जलोटा, लखबीर सिंह लक्खा, कल्पना पटवारी, भरत शर्मा व्यास, पवन सिंह, कन्हैया मित्तल और देवी जैसे कई ख्यातिप्राप्त कलाकारों ने अपनी भक्ति रसपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर किया है। इस बार रजत जयंती के उपलक्ष्य में आयोजन और भी विशेष और ऐतिहासिक होगा।

श्रद्धालुओं के लिए होगी भंडारे की व्यवस्था, शिवमय होगा वातावरण

संघ की ओर से सभी श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारा-प्रसाद की व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थल को विद्युत रोशनी और आकर्षक सजावट से जगमगाया जाएगा। पूरे वातावरण में ‘हर-हर महादेव’ की गूंज होगी और शिवभक्ति का दिव्य संगम देखने को मिलेगा।

बैठक में शामिल रहे कई सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतिनिधि

बैठक में बृजभूषण सिंह, जितेन्द्र चावला, हरविंदर चटवाल मंटू, सुखविंदर सिंह निक्कू, जसवंत सिंह भोमा, राजू मारवाह, बलवीर सिंह बाउ, महेंद्र सिंह, धनुर्धर त्रिपाठी, बिपिन शुक्ला, संदीप कुमार सिंह, पंकज वर्मा, अखिलेश पाण्डेय, बिट्टू तिवारी, राघवेंद्र शर्मा, राजपति देवी, महालक्ष्मी देवी समेत कई सदस्यों ने अपने विचार साझा किए।
धन्यवाद ज्ञापन जूगुन पांडे ने किया और भजन गायक कृष्णमूर्ति ने शिव महिमा पर आधारित सुंदर भजन प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया।

मौके पर जयंती रमन, योगेश शर्मा, सुधीर कुमार सिंह, बंटी सिंह, गोपीकांत, नीरू सिंह, रितिका श्रीवास्तव, लख्खी कौर, सीमा शर्मा, डी मनी, रिंकू दुबे, ममता पुष्टि, ममता साहा, चंदना रानी, सुलोचना देवी, पिंकी प्रसाद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हर-हर महादेव सेवा संघ ने की मंगल अपील

संघ ने शहरवासियों एवं समस्त श्रद्धालुओं से सपरिवार इस भक्ति संध्या में शामिल होने और बाबा भोलेनाथ की कृपा प्राप्त करने की मंगल अपील की है। आयोजन में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।



Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें