पी.एस.ई.एम. स्कूल में विज्ञान और नवाचार का संगम, महिला पाकशाला ने जोड़ा सामाजिक सरोकार

SHARE:

Manoharpur:पी.एस.ई.एम. स्कूल, मनोहरपुर में 20 एवं 21 दिसंबर 2025 को आयोजित दो दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं महिला पाकशाला प्रतियोगिता ने शिक्षा, नवाचार और सामुदायिक सहभागिता का एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मक सोच और प्रयोगात्मक ज्ञान को प्रोत्साहित करना रहा।
विज्ञान प्रदर्शनी के दौरान छात्र-छात्राओं ने भौतिकी, रसायन विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा एवं दैनिक जीवन से जुड़े वैज्ञानिक सिद्धांतों पर आधारित आकर्षक मॉडल और प्रयोग प्रस्तुत किए। बच्चों की कल्पनाशीलता और प्रस्तुति कौशल को देखकर उपस्थित शिक्षक, अभिभावक एवं अतिथि खासे प्रभावित नजर आए।
रविवार को आयोजित समापन समारोह में जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजित यादव ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में जिज्ञासा, आत्मविश्वास और नवाचार की भावना विकसित होती है, जो भविष्य के सशक्त नागरिक निर्माण में सहायक है।”
कार्यक्रम के दूसरे दिन, 21 दिसंबर को महिलाओं के लिए विशेष पाकशाला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बिना आग जलाए स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजन तैयार किए गए। प्रतिभागी महिलाओं की रचनात्मकता और कौशल को उपस्थित लोगों ने भरपूर सराहा। इस अवसर पर दुर्गा शर्मा, नीमा शर्मा, सुशीला नायक, काव्या सिंह, रंजना सिंह, पूजा, कस्तूरी देवी, बेबी गुप्ता, सुलभा गुप्ता, नूपुर, रीता सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं और अभिभावक मौजूद रहे।
विद्यालय प्रबंधन ने सफल आयोजन के लिए सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।

Leave a Comment