शादी समारोह में करंट का कहर: शामियाना लगाते समय युवक की दर्दनाक मौत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Manoharpur : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड के चिड़िया ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत लोड़ो अंकुवा गांव में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे ने खुशी के माहौल को मातम में बदल दिया। शादी समारोह की तैयारियों के दौरान करंट लगने से 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, साइडिंग पुरानापानी निवासी रॉबर्ट बागे (28) पेशे से टेंट वर्कर था और शादी समारोह में शामियाना लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान वह लोहे की सीढ़ी पर नंगे पांव चढ़कर कपड़ा बांध रहा था, तभी उसका दाहिना हाथ अचानक बिजली के तार के संपर्क में आ गया।

करंट लगते ही वह सीढ़ी पर ही चिपक गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कर युवक को नीचे उतारा और इलाज के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से गांव में शोक की लहर है, वहीं शादी समारोह की खुशियां भी मातम में बदल गईं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे आयोजनों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.