Jamshedpur : शहर में एलजीबीटी कम्युनिटी एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को प्राइड मार्च का आयोजन किया गया। मार्च का उद्देश्य थर्ड जेंडर एवं एलजीबीटी समुदाय के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा समान अधिकार, सम्मान और स्वीकार्यता का संदेश देना था।
प्राइड मार्च में एलजीबीटी समुदाय के सदस्य अपने इंद्रधनुषी (रेनबो) झंडे लहराते हुए और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शहर की सड़कों पर निकले। इस दौरान उन्होंने समाज से भेदभाव छोड़कर सभी लोगों को समान दृष्टि से देखने और सम्मान देने की अपील की।
कार्यक्रम के संयोजक शोभिक कुमार ने कहा कि थर्ड जेंडर और एलजीबीटी समुदाय के लोगों को भी समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जीने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि किसी का मजाक उड़ाने के बजाय सभी को उनके प्रति संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार अपनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस प्राइड मार्च का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि एलजीबीटी समुदाय और थर्ड जेंडर के लोग समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। वे हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहे हैं और हर परिवार तथा समाज में ऐसे लोग हो सकते हैं, इसलिए उन्हें प्रेम, सम्मान और समान अवसर मिलना चाहिए।
शोभिक कुमार ने बताया कि सरकार द्वारा थर्ड जेंडर एवं एलजीबीटी समुदाय के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ कई लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस मार्च के माध्यम से लोगों को यह भी बताया गया कि जमशेदपुर में एलजीबीटी समुदाय सक्रिय रूप से सामाजिक जागरूकता के लिए कार्य कर रहा है।
प्राइड मार्च में थर्ड जेंडर समुदाय, एलजीबीटी समुदाय के सदस्यों के अलावा विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं सभी जेंडर के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर समानता, सम्मान और समावेशी समाज का संदेश दिया।








