कुलूपटांगा रोड नंबर-19 में सड़क-नाली की बदहाली से परेशान लोग, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

ADITYAPUR 21 AUGUST। आदित्यपुर-2 के कुलूपटांगा बस्ती रोड नंबर-19 में सड़क और नाली की बदहाली से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बारिश के दौरान सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। नालियों में गंदगी जमा होने और पानी की निकासी नहीं होने से स्थिति और खराब हो गई है।

बस्तीवासियों का कहना है कि जिंदल कंपनी की ओर से सड़क की खुदाई किए जाने के बाद अब तक उसका पुनर्निर्माण नहीं कराया गया। वहीं, कई गलियों में अब तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं होने का भी आरोप लगाया गया है।

सड़क और नाली निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने आदित्यपुर नगर निगम के अधिकारियों और महापौर संजय सरदार को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने पिछले करीब 12 वर्षों के दौरान विभिन्न पार्षदों और नगर निगम अधिकारियों को दिए गए ज्ञापनों की प्रतियां भी अधिकारियों के समक्ष रखीं।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, महापौर ने फंड की कमी का हवाला देते हुए समस्या के समाधान के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से समस्या झेल रहे लोगों को अब आश्वासन के बजाय ठोस कार्रवाई की जरूरत है।

इसके बाद 21 अगस्त को प्रतिनिधिमंडल सरायकेला समाहरणालय पहुंचा और उपायुक्त सतीश कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर सड़क और नाली निर्माण की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल के मुताबिक, उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने जल्द सड़क और नाली का काम शुरू कराने की बात कही।

उपायुक्त के आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि वर्षों से लंबित समस्या का जल्द समाधान होगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में दीपक कुमार, रामनाथ प्रसाद, संजय ठाकुर, विष्णुदेव गिरी, विवेक कुमार समेत अन्य बस्तीवासी शामिल थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.