Potka : पोटका प्रखंड अंतर्गत कोवाली पंचायत के कार्डधारियों ने काशीडीह स्थित पीडीएस दुकान के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए दुकान रद्द करने की मांग तेज कर दी है। इस मुद्दे को लेकर काशीडीह में पंचायत स्तर की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और कार्डधारियों ने भाग लिया।
बैठक में पंचायत के प्रभारी मुखिया काजल बारीक, पंचायत समिति सदस्य देवेंद्र नाथ महतो, वार्ड सदस्य कविता महतो, ग्राम प्रधान सीताराम महतो, दुलाराम बसके सहित विभिन्न गांवों के सैकड़ों कार्डधारी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने एक स्वर में निर्णय लिया कि जब तक पीडीएस डीलर ललिता खंड पातर की दुकान रद्द नहीं की जाती, आंदोलन जारी रहेगा।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी 28 मई को सभी कार्डधारी जिला उपायुक्त कार्यालय का घेराव करेंगे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कोवाली पंचायत के किसी भी डीलर से फिलहाल खाद्यान्न का उठाव नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने मांग की कि विभाग पंचायत के बाहर के किसी डीलर को दुकान टैग करे, ताकि कार्डधारी उससे राशन प्राप्त कर सकें।
पंचायत प्रतिनिधियों ने हरीडीह, बेगनाडीह और कूटसुरी स्थित पीडीएस दुकानों की नियमित जांच कराने का भी निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि कम मात्रा में राशन वितरण या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जाएगी।
बैठक में कोवाली, एडलडीह, झापान, नीमडीह, खराईघुट्टी, बलियादीपा, भादुडीह, चर्राडीह, छटना और काशीडीह समेत कई गांवों के कार्डधारी शामिल हुए।
ग्रामीणों का आरोप है कि काशीडीह की पीडीएस डीलर ललिता खंड पातर ने पिछले चार महीनों से 647 कार्डधारियों का बायोमेट्रिक पंचिंग कराने के बावजूद राशन वितरण नहीं किया। इसको लेकर पहले भी कार्डधारियों ने प्रखंड कार्यालय और राशन दुकान का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया था।
सूत्रों के अनुसार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी (BSO) ने दुकान रद्द करने की अनुशंसा जिला सहकारिता पदाधिकारी को भेज दी है। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि केवल अनुशंसा से वे संतुष्ट नहीं हैं और जब तक दुकान का लाइसेंस रद्द नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा।










