Chaibasa :कोल्हान विश्वविद्यालय के विश्वविद्यालय भूगोल विभाग द्वारा आयोजित शैक्षणिक अध्ययन भ्रमण दल शनिवार को गंगटोक (सिक्किम) के लिए रवाना हो गया। पी.जी. सेमेस्टर-III (सत्र 2024–2026) के विद्यार्थियों का यह छह दिवसीय अध्ययन भ्रमण 10 मई से 15 मई 2026 तक संचालित होगा। यह भ्रमण पाठ्यक्रम के अनिवार्य प्रायोगिक पत्र DSE-P 402 के अंतर्गत आयोजित किया गया है।
जानकारी के अनुसार, छात्र चाईबासा से बस एवं टै्सी के माध्यम से गंगटोक और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे, जहां वे हिमालयी भू-आकृति, जलवायु, पर्यटन, पर्यावरणीय संरचना तथा क्षेत्रीय भूगोल से जुड़े विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक अध्ययन करेंगे।
अध्ययन भ्रमण दल का नेतृत्व विभाग की शिक्षण स्टाफ सदस्य प्रो. कंचन कच्छप एवं गैर-शिक्षण स्टाफ सदस्य हरेंद्र यादव कर रहे हैं। विभागीय शिक्षकों ने बताया कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ वास्तविक भौगोलिक परिस्थितियों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं, जिससे उनकी शोध एवं विश्लेषण क्षमता में भी वृद्धि होती है।
इस अवसर पर कोल्हान विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अध्ययन भ्रमण शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो छात्रों को नई भौगोलिक एवं सांस्कृतिक परिस्थितियों से परिचित कराता है। उन्होंने सभी छात्रों की सफल, सुरक्षित एवं ज्ञानवर्धक यात्रा की कामना की।
भूगोल विभाग की ओर से बताया गया कि अध्ययन भ्रमण के दौरान छात्र विभिन्न स्थलों से संबंधित भौगोलिक आंकड़ों का संग्रह, स्थल निरीक्षण एवं क्षेत्रीय अध्ययन भी करेंगे, जो उनके अकादमिक मूल्यांकन और भविष्य के शोध कार्यों में उपयोगी साबित होगा।










