खरसावां के कुदासिंगी गांव में युवक का संदिग्ध हालात में शव बरामद, हत्या या आत्महत्या—जांच में जुटी पुलिस

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Kharsawan:खरसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत कुदासिंगी गांव में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव गांव से सटे इलाके में पेड़ से झूलता हुआ पाया गया। मृतक की पहचान असम के सोनितपुर जिला अंतर्गत हगेरी निवासी इंद्रेश्वर नाथ के 30 वर्षीय पुत्र कैलाश नाथ के रूप में हुई है। घटना की खबर फैलते ही इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैलाश नाथ पुणे से आज़ाद हिंद एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर गुवाहाटी जा रहा था। इसी दौरान किसी कारणवश वह खरसावां क्षेत्र में उतर गया। इसके बाद कुदासिंगी गांव के समीप रेलवे ट्रैक से लगभग 100 फीट दूर एक पेड़ से उसका शव झूलता हुआ मिला।
स्थानीय लोगों ने शव की स्थिति पर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों के अनुसार मृतक का पैर जमीन पर टिका हुआ था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया हो। हालांकि पुलिस फिलहाल आत्महत्या और हत्या—दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान पुलिस बल के साथ मंगलवार सुबह करीब 10 बजे घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है।
सूत्रों के अनुसार, गुवाहाटी जाने के दौरान राउरकेला के समीप आज़ाद हिंद एक्सप्रेस में कैलाश नाथ की किसी युवक से नोकझोंक भी हुई थी। पुलिस इस बिंदु को अहम मानते हुए ट्रेन के यात्रियों, कोच विवरण और संभावित सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुटी है।
फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके बयान के आधार पर भी आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.