पुल निर्माण कंपनी से 5 लाख रंगदारी मांगने वाले 7 अपराधी गिरफ्तार, SIT की बड़ी कार्रवाई

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Seraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के आमदा ओपी क्षेत्र में पुल निर्माण कंपनी से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


घटना 3 अप्रैल 2026 की है, जब पिताकलाग स्थित पुल निर्माण साइट पर करीब 6 अज्ञात अपराधियों ने मुंशी और मजदूरों को धमकाया था। आरोपियों ने फोन पर खुद को “जंगल का आदमी” बताते हुए साइट इंचार्ज से काम जारी रखने के एवज में 5 लाख रुपये की रंगदारी (लेवी) की मांग की थी। इस मामले में खरसावां थाना में कांड संख्या 14/26 दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर एसआईटी (SIT) का गठन किया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर सवैया के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय आसूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने जिन अपराधियों को गिरफ्तार किया है, उनमें मो0 एहसान अंसारी, शमीर सामड़, मो0 मोदासीर अंसारी, रविन्द्र हाईबुरू, चन्द्रमोहन बांकिरा उर्फ पांडु, दुर्गा चरण चाकी उर्फ राजन और असीम बारिक शामिल हैं। सभी आरोपी सरायकेला-खरसावां जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, धमकी में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन व सिम, कुल 9 मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिल जब्त की हैं।


पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। मो0 एहसान अंसारी पर धनबाद और बरवाड्डा थाना में आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं, जबकि चन्द्रमोहन बांकिरा उर्फ पांडु सिनी रेल थाना और खरसावां थाना में चोरी के मामलों में संलिप्त रहा है। वहीं शमीर सामड़ पर कुचाई थाना में अपहरण कर हत्या और खरसावां में चोरी के केस दर्ज हैं।


इस कार्रवाई में गौरव कुमार (थाना प्रभारी खरसावां), रामरेखा पासवान (ओपी प्रभारी आमदा), प्रकाश कुमार, योगेश रजक सहित तकनीकी शाखा और रिजर्व गार्ड की टीम शामिल रही।

पुलिस ने कहा कि इस तरह की आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.