Jadugoda : सामाजिक सेवा के लिए पहचान रखने वाले पूर्व जिला पार्षद करुणामय मंडल ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश करते हुए डुमरिया प्रखंड की एक जरूरतमंद महिला को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयास से माताजी आश्रम, हाता के सहयोग से महिला को दो यूनिट रक्त मिला, जिससे उसकी जान बच सकी। फिलहाल महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, डुमरिया प्रखंड के बड़ा आस्ती पंचायत अंतर्गत आस्ता कोवली गांव निवासी दीपाली पातर पिछले कुछ समय से गंभीर रूप से बीमार थीं। रक्ताल्पता (एनीमिया) के कारण उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। चिकित्सकों ने तत्काल दो यूनिट रक्त की आवश्यकता बताते हुए देरी होने पर जान का खतरा होने की आशंका जताई।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की स्थिति को देखते हुए महिला के दामाद एवं पोटका के राजदोहा निवासी अमित पात्र ने पूर्व जिला पार्षद करुणामय मंडल से दूरभाष पर संपर्क कर सहायता की अपील की। मामले की गंभीरता को देखते हुए करुणामय मंडल ने तत्काल माताजी आश्रम, हाता के ट्रस्टी एवं संचालक सुनील कुमार दे से संपर्क कर पूरी स्थिति से अवगत कराया और पीड़िता की मदद का अनुरोध किया।
करुणामय मंडल के प्रयासों के बाद माताजी आश्रम की ओर से दो यूनिट रक्त की कूपन उपलब्ध कराई गई। इसके आधार पर बिष्टुपुर ब्लड बैंक से महिला के लिए आवश्यक रक्त उपलब्ध कराया गया, जिससे समय पर उपचार संभव हो सका और उनकी स्थिति में सुधार आया।
पीड़ित परिवार ने संकट की घड़ी में सहयोग के लिए करुणामय मंडल, माताजी आश्रम, हाता तथा ट्रस्टी सुनील कुमार दे के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे मानवता की मिसाल बताया।








