Chaibasa : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) रांची एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) चाईबासा के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मोहम्मद शाकिर के निर्देश पर लीगल एड डिफेंस काउंसिल (एलएडीसी) की मासिक समीक्षा बैठक जिला जज के कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में काउंसिल के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान जिला जज ने लीगल एड डिफेंस काउंसिल के कार्यों का मूल्यांकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि उन्हें आवंटित मामलों को निर्धारित समय के भीतर संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत कर विधि सम्मत ढंग से निष्पादित किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को समय पर और प्रभावी कानूनी सहायता उपलब्ध कराना विधिक सेवा प्राधिकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
समीक्षा बैठक में लंबित मामलों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उन्हें समयबद्ध तरीके से निपटाने की रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में लीगल एड डिफेंस काउंसिल के डिप्टी चीफ सुरेंद्र प्रसाद दास, डीएलएसए के सहायक रत्नेश कुमार एवं पूजा चौरसिया उपस्थित रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी ने बताया कि लीगल एड डिफेंस काउंसिल के कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि जरूरतमंद लोगों को त्वरित, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण कानूनी सहायता सुनिश्चित की जा सके।








