Jamshedpur : जुगसलाई नगर परिषद में शुक्रवार को सेल्फ एन्यूमरेशन (Self Enumeration) को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर परिषद की अध्यक्ष Naushin Khan ने स्वयं सेल्फ एन्यूमरेशन कर लोगों को जागरूक किया और बताया कि हर नागरिक अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से आसानी से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकता है।
इस अवसर पर नगर परिषद में बीएलओ, शिक्षक, नगर परिषद कर्मियों एवं अन्य संबंधित कर्मचारियों के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का अंतिम दिन भी संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को सेल्फ एन्यूमरेशन की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि वे आम लोगों का सही मार्गदर्शन कर सकें।

अध्यक्ष नौशीन खान ने कहा कि डिजिटल माध्यम से स्वयं जानकारी दर्ज करने की यह प्रक्रिया नागरिकों के लिए सरल, सुविधाजनक और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराती है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में सेल्फ एन्यूमरेशन करने तथा अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जनगणना में सही और पूर्ण जानकारी देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।











