जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में दमदार एंट्री, नौशीन खान ने अध्यक्ष पद के लिए भरा पर्चा, जुलूस में उमड़ा जनसमर्थन

SHARE:

Jamshedpur:जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा चुका है। मंगलवार को झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान की पत्नी नौशीन खान ने नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान क्षेत्र में उत्साह, जोश और जनसमर्थन साफ तौर पर देखने को मिला।

नामांकन से पूर्व जुगसलाई ईदगाह मैदान में समर्थकों और स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या एकत्रित हुई। यहां से एक शांतिपूर्ण एवं अनुशासित नामांकन जुलूस निकाला गया, जो नारेबाजी और उत्साह के बीच डीसी कार्यालय पहुंचा। जुलूस में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी रही, जिससे समाज के हर वर्ग का समर्थन झलकता नजर आया। डीसी कार्यालय पहुंचकर नौशीन खान ने औपचारिक रूप से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

नमांकन के बाद मीडिया से बातचीत में नौशीन खान ने कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो वे जुगसलाई की मूलभूत समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगी। उन्होंने सफाई व्यवस्था, पेयजल, सड़कों, नालियों और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति नहीं, बल्कि जनसेवा है। “संवैधानिक अधिकारों के तहत चुनाव लड़ना हर नागरिक का अधिकार है। किसमें कितना दम है, यह जनता की अदालत तय करेगी,” उन्होंने कहा। नौशीन खान ने यह भी बताया कि वे पहले से ही सामाजिक स्तर पर जुगसलाई के लोगों की सेवा करती रही हैं और आगे भी जमीनी स्तर पर काम करती रहेंगी।

इस अवसर पर हिदायतुल्लाह खान भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि नौशीन खान लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़ी हैं और जुगसलाई की समस्याओं को भली-भांति समझती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता विकास, ईमानदारी और सेवा भावना को देखते हुए उन्हें समर्थन देगी।
नामांकन प्रक्रिया पूरी करने के बाद नौशीन खान साकची स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संपर्क कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और जीत की शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर नौशीन खान ने कहा कि पार्टी का सहयोग और जनता का विश्वास मिला तो वे जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी। कार्यक्रम में जेएमएम के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें