Jamshedpur : शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में जुगसलाई नगर परिषद ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नगर परिषद की अध्यक्षा नौशीन खान की पहल पर डोर-टू-डोर कचरा उठाने में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद वर्तमान कचरा उठाव कंपनी का टेंडर रद्द करने की कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को हुई नगर परिषद की बोर्ड बैठक में अध्यक्षा नौशीन खान ने डोर-टू-डोर कचरा उठाव की व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। बोर्ड ने उनके प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए वर्तमान एजेंसी का टेंडर रद्द करने तथा नई एजेंसी के चयन के लिए प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।
नियमित कचरा नहीं उठाने की मिल रही थीं शिकायतें
अध्यक्षा नौशीन खान ने बोर्ड बैठक के बाद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को लिखित पत्र भेजकर कचरा उठाव व्यवस्था में लापरवाही का मामला उठाया था। पत्र में कहा गया था कि संबंधित कंपनी द्वारा कई दिनों तक नियमित रूप से कचरा नहीं उठाए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इससे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के साथ आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि इस संबंध में 2 मई 2026 को ही संबंधित कंपनी का टेंडर रद्द करने की बात कही गई थी। इसके बाद 14 जुलाई की बोर्ड बैठक में मामले पर दोबारा गंभीरता से चर्चा की गई।
नई एजेंसी के चयन की तैयारी
बोर्ड से प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की ओर से वर्तमान टेंडर को रद्द करने की कार्रवाई की गई। अब नए टेंडर के माध्यम से ऐसी एजेंसी के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, जो जुगसलाई के सभी क्षेत्रों में नियमित रूप से डोर-टू-डोर कचरा उठाव सुनिश्चित कर सके।
‘लोगों को बेहतर सफाई सुविधा देना पहली प्राथमिकता’
नगर परिषद की अध्यक्षा नौशीन खान ने कहा कि जुगसलाई के लोगों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा, “डोर-टू-डोर कचरा उठाने में लगातार लापरवाही और लोगों की ओर से मिल रही शिकायतों को किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर परिषद की जिम्मेदारी है।”
नौशीन खान ने स्पष्ट किया कि टेंडर रद्द करने का उद्देश्य किसी व्यक्ति या कंपनी को निशाना बनाना नहीं, बल्कि शहरवासियों को बेहतर सफाई व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नए टेंडर के माध्यम से ऐसी एजेंसी का चयन होना चाहिए, जो नियमितता, जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ हर घर से कचरा उठाने का काम करे।
उन्होंने कहा कि जुगसलाई के लोगों की सुविधा, शहर की स्वच्छता और बेहतर नागरिक व्यवस्था के लिए नगर परिषद जरूरत पड़ने पर कड़े और प्रभावी फैसले लेने से पीछे नहीं हटेगी।

















