मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को आंदोलन की तरह लें कार्यकर्ता: प्रमोद लाल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सीतारामडेरा एरिया समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को नए व्यवहार न्यायालय के समक्ष स्थित ह्यूम पाइप किशोरीनगर बस्ती, भुइयाडीह में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एरिया समिति के अध्यक्ष कोला मुखी ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में पार्टी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना और सभी योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए रणनीति तैयार करना था।

बैठक में केंद्रीय कार्यसमिति के निर्देशानुसार प्रभारी के रूप में नियुक्त झामुमो के केंद्रीय सदस्य प्रमोद लाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को एक जनआंदोलन की तरह लिया जाना चाहिए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।

प्रमोद लाल ने एरिया समिति के अंतर्गत आने वाले सभी मतदान केंद्रों पर जल्द से जल्द बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) की नियुक्ति करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नियुक्त एजेंटों को संबंधित बूथों के सरकारी बीएलओ (BLO) के साथ समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित करना होगा कि क्षेत्र के सभी योग्य मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाए।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। इसलिए पार्टी कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क कर लोगों को जागरूक करना चाहिए और आवश्यक दस्तावेजों के साथ नाम जोड़ने की प्रक्रिया में सहयोग करना चाहिए।

बैठक में अभय पांडेय, मनोज तांती, सुनील गुप्ता, राजन कैवर्त, सविता दास, शीला नमता, के.के. मिश्रा, डी. राकेश राव, रितिका भुईया, तारक चौधरी, तपन कुमार, बुधन सिंह हेंब्रम, अजय दास, भोला पासवान, चंदन लाल, प्रकाश चंद्र झा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

बैठक का संचालन मनोज तांती ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बापी मालगोप ने किया। कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने और क्षेत्र के सभी पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने का संकल्प लिया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.