Jamshedpur : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता बिनोद रजक ने झारखंड से वरिष्ठ दलित नेता बैजनाथ राम के राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बधाई दी है। उन्होंने इस निर्णय को सामाजिक न्याय और समावेशी राजनीति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
बिनोद रजक ने अपने बयान में कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक जुझारू, कर्मठ और अनुभवी दलित नेता बैजनाथ राम को राज्यसभा भेजकर समाज के बीच सकारात्मक संदेश देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय राज्य की राजनीति में दलित समाज की भागीदारी और प्रतिनिधित्व को मजबूत करने वाला है।
उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा हमेशा से समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के हितों की आवाज उठाती रही है। बैजनाथ राम का राज्यसभा पहुंचना इसी विचारधारा का विस्तार है और इससे दलित समाज के लोगों में नया उत्साह पैदा होगा।
श्री रजक ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने की नीति पर काम कर रही है। राज्यसभा चुनाव में बैजनाथ राम की जीत इसी सोच का प्रमाण है।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद बैजनाथ राम को इस जीत के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि वे राज्य तथा समाज के हितों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाएंगे।








