Chaibasa : गुवा थाना क्षेत्र के जाटा हाटिंग गांव में रविवार को पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमुनी लागूरी की अध्यक्षता में ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में गांव के विकास, सुरक्षा, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान ग्राम सुरक्षा समिति की समीक्षा करते हुए यह निर्णय लिया गया कि समिति की बैठक प्रत्येक माह नियमित रूप से आयोजित की जाएगी।
ग्रामीणों को बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपनी जिम्मेदारी समझें और बच्चों को समय पर विद्यालय भेजें।
बैठक में बाल तस्करी जैसे गंभीर विषय पर भी विशेष चर्चा हुई। उपस्थित लोगों को जागरूक करते हुए कहा गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग या समिति को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
इसके अलावा स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक कार्यों में आपसी सहयोग से कार्य करने का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों ने सामाजिक एकता बनाए रखने और गांव के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ग्राम सुरक्षा समिति के सचिव दीनबंधु भंज, बाल अधिकार सुरक्षा मंच के प्रखंड सचिव पदमा केशरी, वार्ड सदस्य जानो चातर सहित गीता देवी, ममता देवी, कृष्णा गोप, पूनम, बुलबुल समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण उपस्थित रहे।











