Jamshedpur : झारखंड क्षत्रिय संघ की मैनेजमेंट कमेटी की बैठक बुधवार को कदम भवन में आयोजित की गई। बैठक में समाजसेवी स्व. निर्भय सिंह के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
उल्लेखनीय है कि बीते 5 नवंबर को समाजसेवी निर्भय सिंह का अचानक निधन हो गया था। उनके निधन से समाज ने एक कर्मठ, समर्पित और सेवाभावी व्यक्ति को खो दिया है। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने उनके सामाजिक योगदान और सेवाभाव को याद करते हुए कहा कि समाज के प्रति उनका समर्पण हमेशा स्मरणीय रहेगा।
इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष शंभूनाथ सिंह ने कहा कि निर्भय सिंह का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही आश्वासन दिया कि झारखंड क्षत्रिय संघ दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
बैठक के उपरांत क्षत्रिय भवन में भी स्व. निर्भय सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

















