Jamshedpur : बिष्टुपुर-आदित्यपुर पुल गोलचक्कर के समीप बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूली बच्चों को लेकर जा रहे एक CNG ऑटो में अचानक आग लग गई। घटना के दौरान ऑटो में कई बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि चालक की तत्परता और स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो के इंजन वाले हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा। खतरे को भांपते हुए चालक ने तत्काल वाहन रोक दिया और बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया। आसपास मौजूद लोगों ने भी मदद करते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हालांकि, आग ने देखते ही देखते ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। वाहन में रखे बच्चों के स्कूल बैग भी आग में जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को सामान्य कराया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी बच्चे या अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।

















