Jamshedpur: झारखंड क्षत्रिय महिला संघ की सिदगोड़ा, जुगसलाई एवं सीतारामडेरा इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में 9 अगस्त 2026 को जीवा होटल में ‘सावन मिलन 2026’ का आयोजन उत्साहपूर्ण और पारिवारिक माहौल में किया गया। इस बार कार्यक्रम को सामाजिक सरोकार और पारिवारिक मूल्यों से जोड़ते हुए वर्तमान सामाजिक समस्याओं एवं बदलते पारिवारिक परिवेश पर विशेष परिचर्चा आयोजित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक तिलक एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। संघ की अध्यक्ष डॉ. कविता परमार, महासचिव मंजू सिंह तथा तीनों इकाइयों की अध्यक्ष मनोरमा सिंह, निशा सिंह एवं बिमला सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उपस्थित सभी महिलाओं ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर आयोजन को मंगलमय बनाया।
सामाजिक और पारिवारिक मुद्दों पर हुई चर्चा
इस वर्ष महिलाओं में दायित्व बोध बढ़ाने के उद्देश्य से सावन मिलन की थीम को नया स्वरूप दिया गया। परिचर्चा सत्र में ‘समाज की वर्तमान समस्याएं’, ‘पारिवारिक परिवेश में बदलते संबंध’ और ‘युवा पीढ़ी की चुनौतियां’ जैसे विषयों पर गंभीर एवं सार्थक चर्चा हुई।
महिलाओं ने सामाजिक मूल्यों, पारिवारिक संस्कारों और समाज में महिलाओं की भूमिका को लेकर अपने विचार साझा किए। परिचर्चा का संचालन डॉ. कविता परमार और मंजू सिंह ने किया।
इस अवसर पर डॉ. कविता परमार ने कहा कि वर्तमान समय में परिवारों में कमजोर पड़ रहे मूल्यों को मजबूत करना और नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ना महिलाओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने महिलाओं से सामाजिक एवं पारिवारिक दायित्वों के प्रति सजग रहते हुए सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया उत्साह
परिचर्चा के साथ कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन हुआ। महिलाओं ने गीत, नृत्य, कविता और शायरी के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में उस समय विशेष उत्साह देखने को मिला, जब अनुष्का सिंह को ‘सावन क्वीन’ और निब्बी सिंह को ‘रनर अप’ घोषित किया गया।
इसके बाद विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों ने पूरे आयोजन को जीवंत बनाए रखा।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोजन, संगीत और आपसी सौहार्द के साथ हुआ। आयोजन के अंत में संघ की पदाधिकारियों एवं सदस्याओं ने संगठन की एकता, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक समरसता को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
















