जदयू प्रतिनिधिमंडल ने SSP से मिलकर शहर में बढ़ते अपराध व अवैध पार्किंग पर जताई चिंता

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:शहर में लगातार बढ़ रही चोरी, छिनतई, अड्डेबाजी और नशाखोरी की घटनाओं को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को वरीय पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) से मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष श्री सुबोध श्रीवास्तव एवं जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष श्री अजय कुमार ने किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए एक ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने SSP को अवगत कराया कि शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों के कारण आम नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है, जिसका सीधा असर सामाजिक सुरक्षा और शांति व्यवस्था पर पड़ रहा है। नेताओं ने कहा कि चोरी और छिनतई की घटनाओं के साथ-साथ नशाखोरी व अड्डेबाजी पर सख्ती नहीं होने से असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ रहा है।
इस पर वरीय पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में इन अभियानों को और तेज किया जाएगा, ताकि शहर में सुरक्षा का माहौल बहाल हो सके।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने यातायात व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि भले ही शहर में यातायात जांच अभियान चल रहा है, लेकिन सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण जाम और दुर्घटनाओं की समस्या बनी हुई है। इसे लेकर SSP से कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने इस मुद्दे पर भी सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और यातायात व्यवस्था को सुचारु व सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से युवा जदयू जिला अध्यक्ष नीरज सिंह दुर्गा राव, प्रेम सक्सेना, विकास साहनी, कन्हैया ओझा, युवा जदयू जिला अध्यक्ष नीरज सिंह, अनुसूचित जनजाति जिला अध्यक्ष प्रकाश कोया, महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष अमृता मिश्रा, अनुसूचित जाति अध्यक्ष राजेश प्रसाद सहित लालू गौड, शमशाद खान, बबलू कुमार, अर्जुन यादव, विजय सिंह, विकास रजक, शेषनाथ पाठक, वीर सिंह देवगन, दीपक गौड़, भरत पांडे, ममता सिंह, ऊषा देवी, रीना दास, दिलीप प्रजापति, गणेश चंद्रा, दिनेश कुमार सिंह, अतुल सिंह और विनय कुमार सिन्हा शामिल थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.