Adityapur : आदित्यपुर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बुधवार को एमबीबीएस के दूसरे बैच का विधिवत शुभारंभ किया गया। नए शैक्षणिक सत्र के लिए कॉलेज की सभी 200 सीटों पर नामांकन पूरा हो चुका है। देश के विभिन्न राज्यों से चिकित्सा शिक्षा हासिल करने पहुंचे छात्र-छात्राओं के स्वागत के साथ संस्थान में नए सत्र की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए संस्थान प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की।
उपायुक्त ने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों से विद्यार्थी चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के लिए यहां पहुंचे हैं। उन्हें संस्थान में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण h उपलब्ध होने की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थी भविष्य में कुशल चिकित्सक बनकर देश और समाज की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के बेहतर संस्थानों की स्थापना से विद्यार्थियों के लिए नए अवसर खुलते हैं और क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की संभावनाएं भी मजबूत होती हैं।
इस अवसर पर सितवांतो देवी महिला कल्याण समिति के सचिव एवं नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने नए विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल चिकित्सक तैयार करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन और मानवीय संवेदनाओं का विकास करना भी है। चिकित्सा का पेशा सीधे मानव जीवन से जुड़ा है, इसलिए विद्यार्थियों को शैक्षणिक दक्षता के साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी प्राथमिकता देनी चाहिए।
मदन मोहन सिंह ने कहा कि नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज पूरी तरह रैगिंग मुक्त संस्थान है। यहां विद्यार्थियों को भयमुक्त, अनुशासित और सहयोगपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। संस्थान गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा के साथ आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन और समर्पण के साथ पढ़ाई करने तथा संस्थान की गरिमा बनाए रखने की अपील की।
पीजी की 20 सीटों पर भी इसी वर्ष शुरू होगी पढ़ाई
करीब दो वर्ष पूर्व स्थापित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार विस्तार कर रहा है। एमबीबीएस के दूसरे बैच की शुरुआत के साथ संस्थान में स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। प्रबंधन के अनुसार, इसी वर्ष पीजी पाठ्यक्रम की 20 सीटों के लिए अनुमति प्राप्त हुई है। इन सीटों पर जल्द पढ़ाई शुरू करने की योजना है। इसके लिए आवश्यक शैक्षणिक और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
नए सत्र के शुभारंभ पर कॉलेज परिसर में उत्साह का माहौल रहा। पहले बैच के विद्यार्थियों ने नए छात्र-छात्राओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। विभिन्न राज्यों से पहुंचे विद्यार्थियों ने अपने नए शैक्षणिक सफर की शुरुआत की। संस्थान प्रबंधन ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।
















