जमशेदपुर शहर के 500 से ज्यादा शिक्षकों/शिक्षिकाओं का सरयू राय ने किया सम्मान

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की व्यावहारिक कठिनाइयों को समझने और उनका समाधान खोजने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्य और कार्यान्वयन को बेहतर तरीके से समझने में मदद करते हैं।

स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट की तरफ से मोती लाल नेहरू पब्लिक स्कूल के सभागार में आयोजित ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का व्यावहारिक आयाम’ और शिक्षक सम्मान समारोह में अध्यक्षता करते हुए सरयू राय ने कहा कि शिक्षा नीति का मूल उद्देश्य भारत को महान बनाना और परंपराओं को समृद्ध करना है। उन्होंने बताया कि शिक्षा नीति के तहत बच्चों का विकास न केवल अकादमिक बल्कि व्यावहारिक, सामाजिक और भावनात्मक कौशल पर भी आधारित है।

मातृभाषा पर जोर : अंजनी कुमार
अंजनी कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति में मातृभाषा को विशेष महत्व दिया गया है। बच्चों को अपनी मातृभाषा के साथ-साथ आधुनिक कौशल में भी दक्ष बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में आंगनबाड़ी केंद्र खुलना चाहिए और बच्चों को स्किल और सोशल-इमोशनल स्टडी में दक्ष बनाने पर जोर दिया।

स्वस्थ शरीर जरूरी : डॉ. अमर सिंह
डॉ. अमर सिंह ने कहा कि शिक्षकों का सम्मान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति में योगा और स्वास्थ्य पर जोर की सराहना की। उन्होंने बताया कि एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट सिस्टम से विद्यार्थी अपनी पढ़ाई को सुविधाजनक रूप से जारी रख सकते हैं।

बदल गया बच्चों का एप्रोच : शिप्रा
शिक्षिका शिप्रा ने हाल ही में बच्चों के साथ इसरो यात्रा का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि बच्चों का पढ़ाई के प्रति दृष्टिकोण प्रैक्टिकल और अनुभवात्मक बन गया है। यह नीति बच्चों के व्यावहारिक ज्ञान और दक्षता को बढ़ाने में सहायक है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और मंच संचालन
कार्यक्रम में सोनाली सरकार ने गणेश वंदन पर एकल नृत्य, जबकि वर्कर्स कॉलेज की छात्राओं ने मनमोहक आदिवासी नृत्य प्रस्तुत किया। मंच संचालन मंजू सिंह और प्रिया ने किया। स्वागत भाषण चंद्रदीप पांडेय ने दिया।

मंचासीन और विशेष सम्मानित
मंचासीन गणमान्य व्यक्तियों में डॉ. डीपी शुक्ला, डॉ. अमर सिंह, डॉ. एसएस रजी, राजदीप सिन्हा, डॉ. मुदिता चंद्र, डॉ. रागिनी भूषण, बीएन प्रसाद, एसपी मलिक और डॉ. त्रिपुरा झा शामिल थे।
विधायक सरयू राय ने शिक्षक दिवस पर 500 से ज्यादा शिक्षकों के साथ-साथ जयंती शेषाद्री, ज्योत्सना अस्थाना, डॉ. अनिता शर्मा, मनोज कुमार, रजनी शेखर, इप्सिता डे, शिप्रा और कई अन्य शिक्षकों का विशेष सम्मान किया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.