Jamshedpur : जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने बिष्टुपुर स्थित सांसद कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में दूर-दराज के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरता से सुनीं।
जनता दरबार में लोगों ने सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, आवास, पेंशन, सरकारी योजनाओं का लाभ एवं प्रशासनिक कार्यों सहित विभिन्न जनसमस्याओं को सांसद के समक्ष रखा।
सांसद ने प्रत्येक मामले की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं विभागों से समन्वय स्थापित कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। जनता दरबार के माध्यम से क्षेत्रवासियों को सीधे अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।
उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपेक्षा की। सांसद ने कहा कि जनता से सीधा संवाद लोकतंत्र को मजबूत करने के साथ-साथ क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को समझने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
















