पूर्वी सिंहभूम जिला खो-खो चैंपियनशिप 2025 का भव्य आयोजन संपन्न

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला खो-खो एसोसिएशन के तत्वावधान में 28 जून 2025 (शनिवार) को जमशेदपुर के एग्रीको स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान में एक दिवसीय जिला स्तरीय सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर बालक-बालिका वर्ग का खो-खो चैंपियनशिप 2025 का सफल आयोजन संपन्न हुआ।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं पूर्व जिला पार्षद श्री राजकुमार सिंह ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि, “खो-खो जैसे पारंपरिक भारतीय खेलों में युवाओं की बढ़ती रुचि उत्साहजनक है। यह खेल न केवल शरीर को फिट और अनुशासित रखता है, बल्कि सामूहिक भावना और तेजी से निर्णय लेने की क्षमता भी विकसित करता है।”

खिलाड़ियों के उत्साह और आयोजन की सराहना
विपरीत मौसम के बावजूद खिलाड़ियों का जोश और आयोजन समिति का प्रबंधन अनुकरणीय रहा। मुख्य अतिथि ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि खेल विकास की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

32 टीमों ने लिया हिस्सा, लीग-कम-नॉकआउट आधार पर हुए मुकाबले
प्रतियोगिता में जिले भर से लगभग 32 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के बालक एवं बालिका दोनों टीमों ने भाग लिया। सभी मैच लीग-कम-नॉकआउट प्रणाली पर खेले गए।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
चैंपियनशिप के उपरांत चयन समिति द्वारा 3 जुलाई 2025 से आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता 2025 के लिए बालक एवं बालिका वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन किया गया।

सम्मान समारोह में मिली ट्रॉफी, मेडल व प्रमाणपत्र
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, खिलाड़ियों को पदक व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। सभी विजेता टीमों को मुख्य अतिथि राजकुमार सिंह ने पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.