संस्थापक स्व. कमल किशोर की द्वितीय पुण्य स्मृति पर जंबू अखाड़ा समिति का भव्य रक्तदान शिविर, “स्वर्गयान” निशुल्क शव वाहन सेवा का शुभारंभ

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:समाज सेवा और मानवता के प्रति समर्पण की मिसाल पेश करते हुए जंबू अखाड़ा समिति ने अपने संस्थापक परम श्रद्धेय स्वर्गीय कमल किशोर (जंबू) की द्वितीय पुण्य स्मृति के अवसर पर भालूबासा स्थित श्री श्री बजरंग विजय मंदिर परिसर में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया। यह कार्यक्रम न केवल श्रद्धांजलि का माध्यम बना, बल्कि जरूरतमंदों के लिए एक बड़ी राहत के रूप में भी सामने आया।
कार्यक्रम की सबसे अहम उपलब्धि रही निशुल्क शव वाहन सेवा “स्वर्गयान” का शुभारंभ। इस सेवा का लोकार्पण स्व. जंबू जी की धर्मपत्नी श्रीमती लक्ष्मी देवी ने नारियल फोड़कर किया। मौजूद अतिथियों और नागरिकों ने इसे संवेदनशीलता और मानवीय सरोकार से जुड़ी एक ऐतिहासिक पहल बताया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी जंबू अखाड़ा समिति द्वारा तीन शव संरक्षण बॉक्स तैयार कर जरूरतमंद परिवारों को निशुल्क उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
रक्तदान शिविर में शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 169 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। रक्तदाताओं के लिए आकर्षक उपहार, भोजन एवं नाश्ते की व्यवस्था की गई, जबकि अतिथियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे भेंट किए गए।
इस अवसर पर बहरागोड़ा विधायक समीर महंती, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्ला खान, पूर्व विधायक कुणाल सारंगी, पूर्व सांसद सुमन महतो, जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और पंचायत प्रतिनिधियों के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने जंबू अखाड़ा समिति के इस मानवीय प्रयास की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए स्व. कमल किशोर (जंबू) के सामाजिक योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में समिति के संरक्षक बंटी सिंह एवं जंबू अखाड़ा परिवार की अहम भूमिका रही। उन्होंने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, सहयोगियों और शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी तरह के जनसेवी कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.