जगन्नाथ रथ यात्रा 27 जून को, शहर तैयार भक्तिमय माहौल में डूबने को

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : एक वर्ष के इंतजार के बाद इस्कॉन जमशेदपुर द्वारा आयोजित प्रभु श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा इस वर्ष 27 जून (गुरुवार) को बिष्टुपुर स्थित आंध्र भक्त श्री राम मंदिर से निकाली जाएगी। श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा देवी तीनों की मूर्तियों को भव्य रथों पर विराजमान कर भक्तों द्वारा हरे कृष्णा-हरे राम की भक्ति संकीर्तन के साथ मौसीबाड़ी तक नगर भ्रमण कराया जाएगा।

इस यात्रा में शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। लगभग 4.5 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस यात्रा की शुरुआत दोपहर 2:30 बजे बिष्टुपुर राम मंदिर से होगी, जो गोपाल मैदान, जुस्को गोलचक्कर, स्ट्रेट माइल रोड, कीनन स्टेडियम, साकची बड़ा गोलचक्कर होते हुए साकची वाहन पड़ाव पर शाम 7:30 बजे संपन्न होगी।

रथ यात्रा की तैयारी को लेकर 25 जून को बिष्टुपुर राम मंदिर में स्वामी पद्मनाभजगन्नाथ दास जी की अध्यक्षता में अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा की रूपरेखा, सुरक्षा, मार्ग की व्यवस्था, स्वयंसेवकों की भूमिका एवं सामाजिक संगठनों से सहयोग पर चर्चा की गई।

इस आयोजन के सफल संचालन हेतु शहर के दर्जनों सामाजिक और धार्मिक संगठनों के 1000 स्वयंसेवक तीनों रथों की जिम्मेदारी संभालेंगे। प्रमुख सहयोगी संगठनों में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, सैन्य मातृ शक्ति, दुर्गा वाहिनी, विश्व हिंदू परिषद, क्रीड़ा भारती, द वॉइस ऑफ ह्यूमैनिटी, रोबिन हुड आर्मी, ग्रीन कैप्स फाउंडेशन, ब्लड वॉरियर्स, साइलेंट टेल्स एनजीओ, आरका जैन यूनिवर्सिटी, नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी सहित अन्य संस्थाएं शामिल हैं।

रथ यात्रा मार्ग में जलपान, प्रसाद एवं शीतल पेय पदार्थों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। आयोजकों ने यात्रा के दौरान शांति, अनुशासन एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें