जमशेदपुर, 14 सितम्बर 2025: जिला व्यवहार न्यायालय, जमशेदपुर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रीलिटिगेशन केस 261471 और कोर्ट केस 11611 का निष्पादन किया गया, जिसके परिणामस्वरूप कुल ₹2,25,130,144 की राजस्व प्राप्ति दर्ज की गई।राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन वर्चुअल माध्यम से रांची से माननीय न्यायमूर्ति श्री तरलोक सिंह चौहान, मुख्य न्यायाधीश, झारखंड उच्च न्यायालय एवं संरक्षक, झालसा तथा माननीय न्यायमूर्ति श्री सुजीत नारायण प्रसाद, न्यायाधीश, झारखंड उच्च न्यायालय एवं कार्यकारी अध्यक्ष, झालसा ने किया।
इस अवसर पर नालसा वीर परिवार सहायता योजना-2025 के तहत जिला सैनिक कल्याण बोर्डों में विधिक सहायता क्लिनिक स्थापित करने की घोषणा की गई। जिन जिलों में जिला सैनिक कल्याण बोर्ड मौजूद नहीं है, वहां डीएलएसए में विशेष रूप से रक्षा कर्मियों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रित परिवारों के लिए समर्पित प्रकोष्ठ स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
जमशेदपुर न्याय सदन के कॉन्फ्रेंस हॉल में शनिवार को सैनिकों के लिए डेडीकेटेड लीगल एड क्लिनिक का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अरविंद कुमार पांडेय और झारखंड स्टेट बार काउंसिल के वाइस चेयरमैन श्री राजेश कुमार शुक्ला द्वारा शिला पट्टिका का अनावरण कर किया गया। इस मौके पर अन्य जजेज भी उपस्थित रहे।
लीगल एड क्लिनिक में एक पूर्व सैनिक डॉ. कमल कुमार शुक्ला को पैरा लीगल वालंटियर (PLV) और पूर्व सैनिक अधिवक्ता श्री राम जनम सिंह को पैनल लॉयर के रूप में नियुक्त किया गया। इससे न्याय तक पहुंच और सैनिकों के हित में कानूनी सहायता प्रदान करने की व्यवस्था मजबूत हुई।
कार्यक्रम में जमशेदपुर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अरविंद कुमार पांडेय ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए न्याय दिलाने का सशक्त माध्यम बन गई है। आपसी संवाद और समझौते से नागरिकों को न्याय सुलभ हो रहा है।
विशेष रूप से संबोधित करते हुए झारखंड स्टेट बार काउंसिल के वाइस चेयरमैन और वरिष्ठ अधिवक्ता श्री राजेश कुमार शुक्ला ने कहा कि लोक अदालत प्रणाली न्याय व्यवस्था में पारदर्शिता और त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करती है। उन्होंने नालसा, झालसा और डालसा की सराहना करते हुए कहा कि लोक अदालत भारतीय न्याय प्रणाली की प्राचीन परंपराओं को आधुनिक युग में प्रभावी रूप से लागू करती है।
कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री धर्मेंद्र कुमार ने किया। इस राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में कोर्ट स्टाफ, डालसा स्टाफ और PLV की भूमिका सराहनीय रही। जमशेदपुर जिला व्यवहार न्यायालय में इस कार्यक्रम के दौरान कुल 12 बेंच गठित की गई थीं, जिनके माध्यम से सभी मामलों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित किया गया।