बोड़ाम के मेधावी छात्र मनोज महतो को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मदद, पारिवारिक संकट में मिली राहत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

बोड़ाम, 14 सितम्बर 2025: बोड़ाम प्रखंड के जामबनी गांव के मेधावी छात्र मनोज कुमार महतो, जो वर्तमान में बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) में अंग्रेजी विषय में स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं, अचानक आए पारिवारिक संकट से जूझ रहे थे। उनके पिता को कुछ समय पहले पैरालिसिस हो गया था, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति गंभीर रूप से प्रभावित हुई और मनोज की उच्च शिक्षा पर संकट के बादल मंडराने लगे।

इस मामले की जानकारी सामाजिक कार्यकर्ता दीपक रंजित को मिली। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ट्वीट के माध्यम से अवगत कराया। ट्वीट प्राप्त होते ही मुख्यमंत्री ने त्वरित संज्ञान लिया और पूर्वी सिंहभूम जिला उपायुक्त को निर्देश दिया कि छात्र मनोज को पढ़ाई में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और उनके परिवार को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जाए।

इस दिशा में जिला उपायुक्त ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्वीट के माध्यम से जानकारी दी कि जिला कल्याण पदाधिकारी को मनोज को छात्रवृत्ति प्रदान करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही डीडीओ को भी उनके परिवार को सरकार की विभिन्न योजनाओं से तत्काल लाभान्वित करने का आदेश दिया गया। उपायुक्त ने आश्वस्त किया कि मनोज महतो को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उनके उच्च शिक्षा में किसी भी प्रकार की बाधा न आए।

मुख्यमंत्री की इस पहल से उत्साहित मनोज महतो ने आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मुख्यमंत्री जी का बहुत-बहुत धन्यवाद। उनकी मदद से अब मेरी पढ़ाई में कोई दिक्कत नहीं होगी। मैं पूरी मेहनत से पढ़ाई करूंगा और अपने सपनों को पूरा करूंगा।”

The specified slider id does not exist.