अधिवक्ताओं के मेडिकल इंश्योरेंस, स्टाइपेंड और पेंशन राशि के शीघ्र भुगतान की मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जमशेदपुर जिला बार संघ के अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल अधिवक्ताओं के कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर झारखंड उच्च न्यायालय पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड स्टेट बार काउंसिल के नवनियुक्त सदस्य मनोज कुमार एवं ललित यादव से मुलाकात कर अधिवक्ता कल्याण कोष से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल ने अधिवक्ताओं के मेडिकल इंश्योरेंस, नए अधिवक्ताओं को मिलने वाले स्टाइपेंड, दिवंगत अधिवक्ताओं के आश्रितों को मिलने वाली कोष राशि तथा पेंशन राशि का भुगतान जल्द से जल्द सुनिश्चित करने की मांग रखी।

ऑनलाइन नामांकन जल्द कराने की अपील

मनोज कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि पूरे झारखंड में करीब 18 हजार अधिवक्ता ट्रस्टी कमेटी के सदस्य बने हैं, लेकिन अब तक लगभग 4,900 अधिवक्ताओं ने ही ऑनलाइन फॉर्म भरा है। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से जल्द से जल्द ऑनलाइन नामांकन की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की, ताकि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।

इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड उच्च न्यायालय के अधिवक्ता राहुल साबू के साथ महाधिवक्ता रोहिताश्व रॉय से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। महाधिवक्ता ने प्रतिनिधिमंडल को अपना आशीर्वचन देते हुए अधिवक्ताओं के कल्याण से जुड़े मामलों में सहयोग का आश्वासन दिया।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, महाधिवक्ता ने कहा कि वह अधिवक्ताओं के कल्याण से संबंधित विभिन्न राशि के आवंटन की प्रक्रिया में जल्द से जल्द सहयोग करेंगे।

प्रतिनिधिमंडल में अधिवक्ता परमजीत कुमार श्रीवास्तव, विनोद कुमार मिश्रा, नवीन प्रकाश, अक्षय कुमार झा, संजीव कुमार झा, अमित कुमार और केशव कुमार सिंह सहित अन्य अधिवक्ता शामिल थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें