Potka : कोवाली थाना क्षेत्र के बानाकाटा स्थित महाकाल ढाबा के समीप कीताडीह निवासी 30 वर्षीय सिकंदर कुमार शर्मा की हत्या का पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार हत्या प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में की गई और इसके लिए 1.80 लाख रुपये की सुपारी तय की गई थी। हत्या से पहले 50 हजार रुपये अग्रिम दिए जाने की बात भी सामने आई है।
कोवाली थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मामले की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक मृतक के बड़े भाई जीतेंद्र शर्मा की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
प्रेम प्रसंग की जानकारी के बाद रची गई साजिश
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान पता चला कि बागबेड़ा निवासी विभा देवी का सिकंदर शर्मा के साथ कथित प्रेम संबंध था। पुलिस का दावा है कि विभा देवी के पति मिंटू साव को इसकी जानकारी मिलने के बाद उसने सिकंदर को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक मिंटू साव ने कोवाली थाना क्षेत्र के बड़ा बागलता निवासी सुंदर दास को हत्या की सुपारी दी। सुंदर दास ने कथित तौर पर आकाश दास, बड़ा बागलता और परसुराम दास, इच्छापुर, आरआईटी थाना क्षेत्र को साजिश में शामिल किया।
टॉयलेट के बहाने बाइक रुकवाई, फिर किया हमला
पुलिस के अनुसार साजिश के तहत विभा देवी ने सिकंदर शर्मा को घूमने के लिए राजी किया। वह सिकंदर के साथ बाइक से घटनास्थल की ओर गई। वहां महिला ने टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर बाइक रुकवा दी।
पुलिस का दावा है कि इसी दौरान पीछे से मारुति कार संख्या जेएच-05डीएच/4751 से मिंटू साव, सुंदर दास, आकाश दास और परसुराम दास पहुंचे। चारों कार से उतरे और लोहे के स्क्वायर एंगल से सिकंदर के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद शव को सड़क किनारे फेंक दिया गया और घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया। बाइक को मौके पर खड़ा कर सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।
31 अगस्त की रात हत्या, 1 सितंबर को मिला शव
पुलिस के अनुसार सिकंदर शर्मा की हत्या 31 अगस्त की रात की गई थी, जबकि 1 सितंबर को पुलिस ने उसका शव बरामद किया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मिंटू साव, सुंदर दास, आकाश दास और परसुराम दास को गिरफ्तार कर लिया। चारों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, पुलिस के अनुसार पांचवीं आरोपी विभा देवी घटना के बाद से फरार है।
मोबाइल लोकेशन से खुला हत्या का राज
थाना प्रभारी के अनुसार मोबाइल लोकेशन, मृतक की पत्नी से मिली जानकारी और वरीय पुलिस अधिकारियों के दिशा-निर्देश के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया, जिसके बाद हत्याकांड का खुलासा हुआ।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कथित रूप से सुपारी की अग्रिम राशि में से 20 हजार रुपये नकद, हत्या में प्रयुक्त दो लोहे के एंगल, पांच मोबाइल फोन और खून के नमूने जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव, सब-इंस्पेक्टर सिदो मुर्मू, सहदेव सिंह, गौतम कुमार, अजंता महतो, सहायक अवर निरीक्षक प्रमोद सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

















