एसएसपी कार्यालय पर भाजपा का प्रदर्शन ओछी राजनीति : आनंद बिहारी दुबे

SHARE:

Jamshedpur:उद्यमी देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी के अपहरण जैसे गंभीर और संवेदनशील मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा एसएसपी कार्यालय के समक्ष किया गया प्रदर्शन राजनीति से प्रेरित और अत्यंत निंदनीय है। कांग्रेस नेता एवं पूर्व जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने इसे “जनभावनाओं से खिलवाड़ और जांच को प्रभावित करने का प्रयास” करार दिया है।
आनंद बिहारी दुबे ने कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है और पुलिस इसे पूरी संवेदनशीलता और पेशेवर तरीके से सुलझाने में जुटी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जमशेदपुर पुलिस की टीमें बिहार के हाजीपुर गैंग के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय अपराधियों तक जांच का दायरा बढ़ा चुकी हैं। ऐसे में भाजपा का सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करना न केवल अनावश्यक है, बल्कि इससे पीड़ित परिवार की पीड़ा और बढ़ती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा पुलिस की निष्क्रियता का झूठा नैरेटिव गढ़कर जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है, जबकि विशेष जांच दल (एसआईटी) सक्रिय रूप से सीसीटीवी फुटेज, फर्जी पुलिस बोर्ड लगी गाड़ियों और फिरौती मांगने वाले अपराधियों की गहन पड़ताल कर रही है।
कांग्रेस नेता ने कहा, “यह समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि अपराधियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाने में प्रशासन का सहयोग करने का है। सड़क जाम और प्रदर्शन से अपराधियों को लाभ और जांच एजेंसियों को बाधा ही मिलती है।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह घटना झारखंड की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने का मुद्दा नहीं, बल्कि अपराधियों को कठोर सजा दिलाने का अवसर है। कांग्रेस पार्टी इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और कैरव गांधी की सुरक्षित बरामदगी के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाती है।
आनंद बिहारी दुबे ने सरकार से विशेष जांच दल को और सशक्त बनाने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राजनीति से ऊपर उठकर सामाजिक न्याय और कानून के राज के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Comment