Jamshedpur : नागा मंदिर बेल्डीह स्थित मां वैष्णो देवी ट्रस्ट के तत्वावधान में सोमवार, 29 जून को ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु का भव्य स्नान महोत्सव (महा स्नान) आयोजित किया जाएगा। धार्मिक परंपराओं के अनुसार महाप्रभु का पंचामृत एवं 108 कलशों के पवित्र जल से अभिषेक किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार प्रातः 10 बजे से सत्यनारायण पूजा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके बाद सुबह 10:30 बजे भगवान श्री जगन्नाथ को उनके सिंहासन से स्नान वेदी पर लाया जाएगा। सर्वप्रथम दूध, दही, घी, शक्कर और मधु से पंचामृत स्नान कराया जाएगा। इसके उपरांत मंदिर परिसर स्थित प्राचीन कुएं के जल से भरे 108 कलशों द्वारा महाप्रभु का महा स्नान संपन्न होगा।
स्नान उत्सव का संचालन गायत्री पीठ के डॉ. बी.के. सिंह के नेतृत्व में जमशेदपुर गायत्री पीठ की महिला श्रद्धालुओं द्वारा किया जाएगा। स्नान के बाद सुबह 11:15 बजे मंगल आरती होगी, 11:30 बजे सामूहिक हवन का आयोजन किया जाएगा तथा दोपहर 12 बजे महाप्रसाद का भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
धार्मिक मान्यता के अनुसार स्नान पूर्णिमा के बाद भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा ‘अनसर’ (विश्राम) अवधि में चले जाते हैं। इस दौरान उन्हें अस्वस्थ माना जाता है और 15 दिनों तक उनके पट बंद रहते हैं। इस अवधि में महाप्रभु को औषधीय काढ़ा एवं तुलसी आदि अर्पित किए जाते हैं। ज्येष्ठ पूर्णिमा से लेकर आषाढ़ अमावस्या तक श्रद्धालुओं के लिए दर्शन बंद रहेंगे।
ट्रस्ट के अनुसार 15 जुलाई को नेत्र उत्सव (नवयौवन दर्शन) मनाया जाएगा, जब महाप्रभु पुनः भक्तों को दर्शन देंगे। इसके अगले दिन 16 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर मंदिर की पांच परिक्रमा कराई जाएगी तथा रात्रि में उन्हें समीप स्थित बेल्डीह तुलसी मंदिर (मौसीबाड़ी) ले जाया जाएगा। इसके बाद 24 जुलाई को वापसी रथ यात्रा (घूरती रथ) आयोजित होगी।
ट्रस्टी शशि तिवारी ने सभी श्रद्धालुओं से महा स्नान महोत्सव में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
कार्यक्रम की प्रमुख समय-सारिणी:
– सुबह 10:00 बजे – सत्यनारायण पूजा
– सुबह 10:30 बजे – महा स्नान
– सुबह 11:15 बजे – मंगल आरती
– सुबह 11:30 बजे – सामूहिक हवन
– दोपहर 12:00 बजे – महाप्रसाद अर्पण एवं प्रसाद वितरण
स्थान: नागा मंदिर, बेल्डीह प्रांगण, जमशेदपुर।








