गुवा आजीविका महिला संकुल संगठन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का भव्य आयोजन

SHARE:

Chaibasa : गुवा आजीविका महिला संकुल संगठन द्वारा गुवा पंचायत भवन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए एकजुटता, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण का मजबूत संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद सदस्य सुश्री देवकी कुमारी एवं पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमनी लागुरी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ सीसी चिंतामणि, आईपीआरपी इंद्रजीत, सीएलएफ अध्यक्ष नीलम समद, सचिव रमाराज दी, कोषाध्यक्ष संजू दी तथा टीआरआई की स्वाति एवं प्रियंका द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान विभिन्न स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुईं।

कार्यक्रम को रोचक और यादगार बनाने के लिए कई मनोरंजक एवं उत्साहवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें गुब्बारा फोड़ प्रतियोगिता, शंख बजाओ प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता तथा संगीत प्रतियोगिता प्रमुख रहीं। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया, जिससे पंचायत भवन का वातावरण उल्लास और ऊर्जा से भर उठा।

कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं को सीएलएफ की ओर से उपहार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन ने महिलाओं को न केवल मनोरंजन का अवसर प्रदान किया, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी नई मजबूती दी और समाज में अपनी सशक्त पहचान स्थापित करने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम की सफलता के लिए सीएलएफ टीम एवं सभी सहयोगियों की सराहना की गई।

Leave a Comment