पोटका में अवैध बालू परिवहन पर कार्रवाई, 500 सीएफटी बालू लदा हाइवा जब्त

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Potka : जिले में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर गठित खनन टास्क फोर्स ने मंगलवार देर रात पोटका प्रखंड के कोवाली थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए बालू लदे एक हाइवा को जब्त किया।

जिला खनन कार्यालय की टीम द्वारा की गई जांच में हाइवा पर करीब 500 सीएफटी बालू लदा पाया गया। वाहन चालक द्वारा बालू के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद टीम ने हाइवा संख्या OD19B-9810 को बालू समेत जब्त कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उक्त बालू ओडिशा से लाया जा रहा था। वैध परिवहन दस्तावेज नहीं मिलने के कारण अवैध रूप से बालू परिवहन के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की गई। मामले को लेकर कोवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि जिले में अवैध खनन, बालू के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले वाहनों एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें