Big Breaking: व्यंगविल गांव में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का मामला गरमाया, कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा अंचल कार्यालय

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : सुंदरनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत व्यंगविल गांव में सरकारी जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। खाता संख्या 158 और प्लॉट संख्या 1158 की लगभग 7 एकड़ भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा अतिक्रमण का प्रयास लगातार जारी है। इसको लेकर शनिवार को ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल पंचायत प्रतिनिधियों के साथ जमशेदपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंचा और संबंधित पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।



ग्रामीणों का आरोप है कि भूमाफियाओं ने बिना ग्राम सभा की अनुमति के सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करना शुरू कर दिया है। कुछ हिस्से पर तो कब्जा कर बाउंड्री निर्माण तक कर लिया गया है। इससे पहले भी इस संबंध में कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन प्रशासनिक निष्क्रियता के कारण कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।



झामुमो प्रखंड अध्यक्ष पलटन मुर्मू ने इस मुद्दे पर जानकारी देते हुए बताया कि यदि जल्द ही प्रशासन ने इस मामले में कार्रवाई नहीं की तो वे उपायुक्त एवं मुख्यमंत्री तक इस विषय को उठाने और आंदोलन का रास्ता अपनाने को विवश होंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ग्रामीणों की जमीन और अधिकार की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से भूमि सर्वेक्षण कर अवैध निर्माण को रोकने तथा दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है। इस मामले ने स्थानीय स्तर पर राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ा दी है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें