Jamshedpur:झारखंड सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला वर्ष पूरा होने के अवसर पर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लगभग 10,000 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि यह कदम झारखंड के युवाओं की आकांक्षाओं को नई दिशा देने वाला है।
विधायक कालिंदी ने कहा कि राज्य के 25 वर्ष पूरे होने के इस खास मौके पर हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी की सौगात देना न केवल रोजगार सृजन की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि यह सरकार की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी को भी दर्शाता है।
उन्होंने कहा, “हेमंत सरकार युवाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। आज नीतियां युवाओं को केंद्र में रखकर बनाई जा रही हैं। यह पहल आगे भी जारी रहेगी, क्योंकि सरकार का सबसे बड़ा फोकस रोजगार सृजन पर है।”
मंगल कालिंदी ने सरकार की तुलना विमान के रनवे से करते हुए कहा, “जैसे रनवे विमान को उड़ान भरने में मदद करता है, उसी तरह हेमंत सरकार युवाओं के सपनों को उड़ान देने में सहायक बन रही है। यह केवल नौकरी नहीं, बल्कि परिवारों के प्रति सरकार की जिम्मेदारी का प्रतीक है।”
उन्होंने यह भी कहा कि विकसित झारखंड के निर्माण में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है और सरकार इसी दृष्टि से आगे बढ़ रही है।
कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र पाकर कई युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। यह पहल निस्संदेह झारखंड में रोजगार और विकास की दिशा में एक सकारात्मक संकेत मानी जा रही है।









