Jamshedpur : एचईसी में संसदीय समिति की छह सदस्यीय टीम के दौरे का एचईसी मजदूर संघ ने स्वागत किया है। तिरुचि शिवा की अध्यक्षता में समिति एचईसी पहुंची और संस्थान के तीनों प्लांटों का भ्रमण कर मशीनों की गुणवत्ता एवं कार्यक्षमता का जायजा लिया।
एचईसी मजदूर संघ के महामंत्री रमाशंकर प्रसाद ने कहा कि वर्षों के प्रयास के बाद संसदीय समिति का एचईसी पहुंचना कर्मचारियों के लिए गर्व की बात है। इससे संस्थान के पुनरुद्धार को लेकर नई उम्मीद जगी है। उन्होंने बताया कि समिति ने कर्मचारियों से मनोबल बनाए रखने की अपील की और एचईसी के पुनरुद्धार के लिए केंद्र सरकार से जल्द विशेष पैकेज दिलाने का प्रयास करने की बात कही।
विशेष रिवाइवल पैकेज समेत कई मांगें
समिति के साथ हुई बैठक में संघ ने विशेष रिवाइवल पैकेज, बैंक एवं सरकारी गारंटी, मशीनरी का आधुनिकीकरण, बकाया वेतन, प्रमोशन और डीए मर्जर सहित कई मांगें प्रमुखता से रखीं।

सीएमडी के साथ यूनियनों की बैठक
वहीं एचईसी के सीएमडी के. एस. मूर्ति के साथ विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधियों की बैठक भी हुई। इसमें कर्मचारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
संघ ने कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की स्कूल फीस में कमी नहीं किए जाने का मुद्दा उठाया। सीएमडी ने स्कूल प्रबंधन से बात कर इसे जल्द लागू कराने का निर्देश दिया।
इसके अलावा एचईसी अस्पताल को पीपीपी मोड पर पारस को दिए जाने के बाद कर्मचारियों के लिए ओपीडी सुविधा बंद होने का मामला भी उठाया गया। सीएमडी ने निदेशकों को पारस प्रबंधन के साथ बैठक कर समस्या का जल्द समाधान करने का निर्देश दिया।
बैठक में एचईसी मजदूर संघ के महामंत्री रमाशंकर प्रसाद, सचिव विकास तिवारी समेत विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

















