गुवा में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया हरितालिका तीज व्रत, सुहागिन महिलाओं ने रखा निर्जला उपवास

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guwa : गुवा एवं आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को हरितालिका तीज व्रत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और दांपत्य जीवन की खुशहाली की कामना को लेकर सुहागिन महिलाओं ने पूरे दिन निर्जला उपवास रखा।

शाम को महिलाओं ने सामूहिक रूप से भगवान शिव और माता पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना की और तीज व्रत कथा का श्रवण किया। पूजा स्थलों पर महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा की। इसके बाद व्रत कथा सुनकर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और पति की दीर्घायु की कामना की।

इस दौरान महिलाओं ने भक्ति गीतों के साथ भगवान शिव और माता पार्वती की स्तुति की। तीज पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूजा स्थलों पर देर शाम तक भक्तिमय माहौल बना रहा।

पूजा करा रहे पंडित लक्ष्मण उपाध्याय ने बताया कि हिंदू धर्म में हरितालिका तीज व्रत का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए माता पार्वती ने कठोर तपस्या की थी। उनकी तपस्या और अटूट संकल्प की स्मृति में सुहागिन महिलाएं हरितालिका तीज का व्रत रखती हैं।

उन्होंने बताया कि महिलाएं पति की लंबी आयु, दांपत्य जीवन में प्रेम एवं सुख-शांति तथा परिवार की समृद्धि की कामना से निर्जला व्रत करती हैं। मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक तीज व्रत और पूजा-अर्चना करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

व्रती महिलाएं अगले दिन अपने पति के हाथों से जल ग्रहण करने के बाद व्रत का पारण करेंगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें