Jadughoda : एसबीसी क्लब तिलुरघुटू की ओर से आयोजित गणेशोत्सव का विधिवत एवं भव्य उद्घाटन घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन और झामुमो नेता बाघराय माड़ी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में जादूगोड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग शामिल हुए।
उद्घाटन के बाद अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। पूरे परिसर में गणपति बप्पा के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
गणेशोत्सव को लेकर पूरे परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया था। जगमगाती रोशनी ने श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के दौरान एसबीसी क्लब तिलुरघुटू के छोटे-बड़े सभी सदस्य मौजूद रहे और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। क्लब की ओर से अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया।
क्लब के सदस्य दीपक उरांव, संजय कालिंदी और राजेश्वर कालिंदी ने बताया कि एसबीसी क्लब की ओर से वर्ष 1982 से गणेशोत्सव का आयोजन श्रद्धा, आस्था और सामाजिक एकता के साथ किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष क्षेत्र के लोगों की भागीदारी से आयोजन का उत्साह और व्यापक होता जा रहा है।















