Guwa : सावन की तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी के पावन अवसर पर सोमवार को गुवा का माहौल पूरी तरह भक्तिमय रहा। क्षेत्र के तीन प्रमुख शिवालयों—गुवा बाजार स्थित कुसुम घाट के समीप शिवालय, रेलवे कॉलोनी स्थित शिवालय और योग नगर स्थित शिवालय—में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
सुबह करीब चार बजे से ही महिला, पुरुष और बच्चे मंदिरों में पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर बेलपत्र, दूध, पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई।
नाग पंचमी और सावन की सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। शिवालयों में लगातार ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारे गूंजते रहे।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए गुवा प्रशासन की ओर से तीनों शिवालयों में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस जवानों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया, जिससे श्रद्धालुओं को जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
वहीं, योग नगर स्थित शिवालय में मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी भोग का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। भोग वितरण कार्यक्रम को सफल बनाने में पंकज कुमार गुप्ता, विनोद कुमार सिंह, किशोर सिंह सहित मंदिर कमेटी के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने सक्रिय सहयोग किया।
सावन की तीसरी सोमवारी और नाग पंचमी के संगम पर पूरे गुवा क्षेत्र में दिनभर आस्था और भक्ति का माहौल बना रहा।

















